तीन साल के प्रेम-प्रसंग का खूनी एंड: बेटे ने चाचा संग मिलकर मां के यार को उतारा मौत के घाट

लखनऊ :  बिजनौर थाना क्षेत्र में मां से अवैध संबंधों के शक में युवक ने अपने नाबालिग चाचा के साथ मिलकर प्रेमी की चापड़ और ईंट से कूचकर हत्या कर दी। बिजनौर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे अनिल कुमार यादव और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, खून से सनी ईंट और मृतक का आईफोन बरामद किया गया।

शुभम गौतम ने 9 मई को थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई सूरज पुत्र स्व0 रमेश की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर 3 टीमें गठित की गईं। पुलिस ने 50 सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर 10 मई को रात करीब 2:30 बजे रसूलपुर इठुरिया नाले की पुलिया से अनिल यादव (22) और उसके 17 वर्षीय नाबालिग चाचा को गिरफ्तार कर लिया।

शादी से पहले रची साजिश, शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट - 
 
पूछताछ में मुख्य आरोपी अनिल ने बताया कि उसकी मां सुषमा देवी का सूरज से करीब 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दो महीने पहले उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। लोकलाज के डर से तब कुछ नहीं कहा, लेकिन सूरज को घर आने से मना किया। सूरज के न मानने पर उसने हत्या की साजिश रची। 

8 मई को अनिल ने नाबालिग चाचा के साथ मिलकर सूरज को बुलाया और शराब लाने के लिए पैसे दिए। तीनों सूरज की ही बाइक से गांव के बाहर आम के बाग के पास झील किनारे खाली प्लॉट पर गए। साजिश के तहत सूरज को ज्यादा शराब पिलाई गई। नशे में धुत होने पर अनिल ने छुपाकर लाए चापड़ से सूरज के चेहरे पर वार किया। सूरज भागा तो गिर गया। फिर अनिल ने चापड़ से और नाबालिग चाचा ने ईंट से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर सूरज को मार डाला।

खून के धब्बे धोकर गए थे शादी में, पुलिस के सामने भी पहुंचे -  

हत्या के बाद आरोपियों ने सूरज का मोबाइल जेब से निकाला और चापड़-ईंट चरी के खेत में फेंक दी। फिर कपड़ों पर लगे खून के दाग धोकर वही कपड़े पहनकर शादी समारोह में चले गए ताकि शक न हो। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो दोनों वहां भी मौजूद थे। अनिल कक्षा 8 पास है और मॉल में स्वीपर का काम करता है। बाल अपचारी कक्षा 9 का छात्र है।

पुलिस ने मुकदमे में धारा 315 बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।

बरामदगी: 1 चापड़, 1 खून लगी ईंट, 1 आईफोन  
गिरफ्तार: अनिल कुमार यादव (22) निवासी अशरफ नगर व 1 बाल अपचारी (17)  

खुलासा करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम, उ०नि०अभिराम शुक्ला, गजय सिंह, तेजवीर सिंह, प्रदीप कुमार, रविन्द्र कुमार, सर्विलांस सेल की टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


 रिपोर्टर : विशाल कुमार चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.