UPI से उड़े 77 हजार, न OTP आया न जानकारी शेयर की; आशियाना में साइबर ठगी
लखनऊ - आशियाना इलाके में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। बिना ओटीपी और बिना जानकारी शेयर किए खाताधारक के एसबीआई खाते से यूपीआई के जरिए 77,200 रुपये निकल गए। पीड़ित की तहरीर पर आशियाना पुलिस ने आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आशियाना सेक्टर-के निवासी विशाल श्रीवास्तव के अनुसार उनका बैंक खाता एसबीआई जवाहर भवन शाखा में है और पेटीएम से लिंक है। पीड़ित ने बताया कि 5 मई की सुबह उनके खाते से यूपीआई माध्यम से 77,200 रुपये कट गए। हैरानी की बात ये है कि इस ट्रांजैक्शन का न तो उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने खाते से जुड़ी कोई जानकारी किसी से साझा की थी। पैसे निकलने का मैसेज देखकर पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और आशियाना थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने विशाल श्रीवास्तव की शिकायत पर आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन डिटेल और पैसे ट्रांसफर हुए खाते की जांच कर रही है।
रिपोटर - राजेश वर्मा


No Previous Comments found.