सालगिरह की खुशी पर चोरों ने फेरा पानी: गार्ड की कस्टडी से बाइक गायब, होटल मालिक-मैनेजर पर केस
लखनऊ : आलमबाग क्षेत्र में शादी की 25वीं सालगिरह मनाने पहुंचे अधेड़ की बाइक होटल के सुरक्षा गार्ड की कस्टडी से चोरी हो गई। पीड़ित ने होटल मालिक और मैनेजर पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने चोरी की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मवैया निवासी भूपेन्द्र नाथ गुप्ता के अनुसार उन्होंने 28 अप्रैल को अपनी शादी की 25वीं सालगिरह के लिए दो दिन पहले ब्लंट स्क्वायर ग्रीन होटल बुक कराया था। बुकिंग के दौरान होटल मैनेजर ने भरोसा दिया था कि पार्किंग में सुरक्षा गार्ड तैनात रहता है।
आरोप है कि आयोजन वाले दिन अभिमन्यु तिवारी और होटल मैनेजर गनेश पाण्डे के सामने ही गार्ड ने उनकी मोटरसाइकिल अपनी सुरक्षा में खड़ी करवाई थी। रात करीब 11 बजे कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वह बाइक लेने पहुंचे तो बाइक गायब थी।
पीड़ित का आरोप है कि होटल मालिक और मैनेजर ने मिलीभगत कर उनकी बाइक गायब कराई है। आलमबाग इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि भूपेन्द्र नाथ गुप्ता की नामजद तहरीर पर होटल मालिक और मैनेजर गनेश पाण्डे के खिलाफ चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
रिपोटर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.