दलित युवती से प्रेम विवाह कर दहेज के लिए किया बेघर, मारपीट से गर्भपात का आरोप
लखनऊ : आशियाना इलाके में दलित युवती से प्रेम विवाह करने के बाद दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति और सास के खिलाफ मारपीट, धमकी व दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि बेरहमी से पिटाई के कारण उसका एक माह का गर्भ गिर गया।
संजय गांधी मार्ग, आजाद नगर निवासी शीला गौतम पुत्री विजय बहादुर के अनुसार उसने 25 जनवरी 2023 को स्वरूप चन्द्र खेड़ा निवासी सुमित गुप्ता से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही सास शांति गुप्ता पत्नी मुन्नी लाल गुप्ता उसे जातिगत गालियां देने लगीं। आरोप है कि सास ताना मारती थी कि "मेरा लड़का इसे फ्री-फंड में उठा लाया है, इसके हाथ का पानी भी नहीं पी सकते।" वहीं पति सुमित रोज शराब पीकर घर आता और मारपीट करता।
पिटाई से हुआ गर्भपात, दो दिन रखा बंधक -
पीड़िता का आरोप है कि 27 मार्च 2023 को पति ने इतनी बेरहमी से पीटा कि गर्भ में पल रहे एक माह के बच्चे का गर्भपात हो गया। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे दो दिन तक बंधक बनाकर रखा। किसी तरह 29 मार्च को वह मायके पहुंची।
आरोप है कि पति मायके पहुंचकर पांच लाख रुपये और सोने की चेन की मांग कर रहा है। कहता है मांग पूरी होने पर ही उसे वापस ले जाएगा।
आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति सुमित गुप्ता और सास शांति गुप्ता के खिलाफ मारपीट, धमकी, दहेज उत्पीड़न व एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
रिपोटर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.