निगोहां पुलिस बनी जीवनदायनी,फांसी के फंदे तक पहुंचने से पहले पुलिस ने दरवाजा तोड़ बचाई महिला की जान
लखनऊ : थाना निगोहां पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक महिला की जान बच गई। घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को पुलिस ने समय रहते कमरे का दरवाजा तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी की काउंसलिंग कर समझौता कराया।
मंगलवार को ग्राम रामपुर गढ़ी में पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही थाना निगोहां पुलिस व मिशन शक्ति टीम तत्काल मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने बिना समय गंवाए दरवाजा तोड़ा और महिला को फंदे से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला को पति व परिजनों के साथ थाने लाया गया। पूछताछ में मामला घरेलू विवाद का निकला।
थाना निगोहां की मिशन शक्ति टीम ने महिला और उसके पति की काउंसलिंग की। दोनों को समझाने के बाद पति-पत्नी ने भविष्य में आपसी विवाद न करने और समझदारी से रहने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस टीम में शामिल रहे उ०नि० आनन्द प्रताप सिंह, म०उ०नि० गायत्री, का० दुनेन्द्र कुमार, म०का० पूजा सक्सेना ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा की गई है।
रिपोटर - राजेश वर्मा


No Previous Comments found.