इंटौजा में अज्ञात डंपर की टक्कर से ऑटो चालक की मौत, केस दर्ज
लखनऊ - इंटौजा थाना क्षेत्र में बुधवार रात तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में 40 वर्षीय ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
अर्जुनपुर के पास हुआ हादसा
घटना 14 मई की रात करीब 9:35 बजे अर्जुनपुर के पास हुई। मृतक विनोद कुमार पुत्र मैकू लाल निवासी अकडरिया कला, हीरा पुरवा, थाना इंटौजा अपने ऑटो से सिंह अस्पताल बेहड़ा चक्की, थाना बीकेटी की ओर जा रहे थे।
टक्कर मारकर भागा डंपर
पुलिस के मुताबिक,रास्ते में अर्जुनपुर के पास अज्ञात डंपर चालक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर लेकर फरार हो गया।
पिता की तहरीर पर केस
सूचना पर पहुंची इंटौजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के पिता मैकू लाल की तहरीर पर थाना इंटौजा में मु0अ0सं0 0069/2026 धारा 281/106(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डंपर व चालक की तलाश कर रही है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.