निशातगंज में कार की टक्कर से युवक की मौत, चालक पर केस दर्ज

लखनऊ : महानगर थाना क्षेत्र के निशातगंज में शुक्रवार रात पार्किंग के दौरान कार की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खाना खाकर टहलने निकले थे  
पहली गली, निशातगंज निवासी अताउर्रहमान पुत्र स्व0 रियाजुल रहमान के मुताबिक, 15 मई की रात उनके छोटे भाई अजाज उर्रहमान उर्फ रहमान खान 35 वर्ष खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। वह वाल्दा रोड पर अनिल कुमार सिंह के घर के सामने बैठे हुए थे।

पार्किंग करते समय मारी टक्कर  
आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे कार संख्या UP 32 JE 4578 ग्रैंड i10 के चालक अनिल कुमार सिंह ने लापरवाही से पार्किंग करते समय अजाज को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम  
परिजन घायल को पहले भाऊराव देवरस अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

केस दर्ज  
अताउर्रहमान की तहरीर पर थाना महानगर में मु0अ0सं0 81/2026 धारा 106(1)/281 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.