आशियाना में एक रात में तीन दुकानों के ताले टूटे, 77 हजार की चोरी
आलमबाग। आशियाना इलाके में रविवार रात घुमंतू चोरों ने आतंक मचा दिया। चोरों ने लोहे की रॉड और बेलचे के सहारे एक ही रात में तीन दुकानों के शटर उचकाकर नकदी समेत करीब 77 हजार का माल पार कर दिया। वारदात की जानकारी पर पीड़ित दुकानदारों ने कंट्रोल नंबर पर सूचना देकर आशियाना थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दो जन सुविधा केंद्र बने निशाना
रुचि खंड शारदा नगर निवासी मनीष कुमार मौर्या की बंगला बाजार और सालेह नगर में दो जन सुविधा केंद्र की दुकानें हैं। चोरों ने रात में दोनों दुकानों के शटर बेलचे से उठा दिए। गल्ला तोड़कर करीब 40 हजार रुपए नकद ले गए।
मोबाइल शॉप से 37 हजार का माल उड़ाया
वहीं सालेह नगर में वृंदावन सेक्टर-6 निवासी दिलीप राजपूत पुत्र राकेश राजपूत की बालाजी मोबाइल नाम से दुकान है। दिलीप के मुताबिक रविवार रात वह परिचित को छोड़ने चारबाग स्टेशन गए थे। रात करीब 3:30 बजे लौटते समय देखा कि उनकी और पड़ोस की दुकान का शटर उठा है। चोर उनकी दुकान से करीब 21 हजार के कीमती सामान और गल्ले में रखे 16 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।
फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
सोमवार को तीनों पीड़ित दुकानदारों ने आशियाना थाने में लिखित शिकायत दी। आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.