दहेज की मांग में प्रताड़ित विवाहिता की हालत बिगड़ी, ससुरालियों ने नहीं कराया इलाज

लखनऊ :  आलमबाग थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और इलाज तक न कराने का पीड़ितो ने पुलिस से शिकायत की है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत 7 ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।  

श्रम विहार नगर, मवैया निवासी श्रद्धा सिंह पत्नी रिंकू सिंह का कहना है कि उनका विवाह 6 दिसंबर 2021 को रायबरेली के गुरुबक्शगंज गोझरी चौराहा निवासी रिंकू सिंह से हुआ था। शादी के बाद दो बेटे प्रथमेश और मान सिंह हुए। आरोप है कि पति रिंकू, सास विशुन देई, ससुर राधे सिंह और ननद प्रियंका सिंह दहेज के लिए लगातार ताने देते थे, रसोई में ताला लगाकर रखते थे और मारपीट करते थे।  

प्रताड़ना से श्रद्धा की हालत बिगड़ गई, लेकिन ससुराल पक्ष ने इलाज नहीं कराया। मायके पक्ष उन्हें सिविल अस्पताल ले गया, जहां इलाज के बाद घर पहुंचीं। आरोप है कि इसके बाद पति और ससुर मायके पहुंचकर तीन साल के बेटे को जबरन अपने साथ ले गए।  

25 अगस्त को पति, ससुर, जेठ अंकुल सिंह, चाचा ससुर जंगबहादुर सिंह और बुआ सास बीना व माधुरी सिंह श्रद्धा के घर पहुंचे। गाली-गलौज और मारपीट की, विरोध पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।  

गुरुवार को आलमबाग पुलिस ने श्रद्धा की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट व धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.