बंटवारे की रंजिश में खूनी खेल, बुजुर्ग की मौत पर सौतेले भाइयों पर हत्या का आरोप

लखनऊ - घर के मोहरे का विवाद खून में बदल गया। आशियाना के बंगला बाजार भदरुख में शनिवार सुबह 62 वर्षीय ओमप्रकाश की मौत से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजनों ने सीधा आरोप लगाया – सौतेले भाइयों ने रंजिशन हत्या की है। ओमप्रकाश पत्नी आशा रावत और बेटों रजनीश, ऋषि के साथ रहते थे। बगल में ही सौतेली मां रमापति अपने तीन बेटों ललित मोहन, शिव मोहन और प्रेम मोहन के साथ रहती हैं। मकान के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में बरसों से तनातनी और आए दिन मारपीट चल रही थी। बेटे रजनीश का कहना है कि 20 मई को रमापति के बेटों ने झगड़े के दौरान गुम्मे से पथराव किया। इसमें रजनीश और पिता ओमप्रकाश के सिर पर चोट आई। शिकायत पुलिस चौकी पर दर्ज कराई गई थी। उसी चोट के चलते ओमप्रकाश की हालत बिगड़ी और शनिवार को मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि विपक्षियों ने ही उनके पिता की जान ली।  

सूचना पर आशियाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर मौके से नमूने लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि मृतक के पिता गुरु प्रसाद ने तीन शादियां की थीं। बंटवारे के बाद भी मकान को लेकर विवाद जारी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.