कृष्णानगर पुलिस ने किया टप्पेबाज गैंग का भंडाफोड़, गैंग की महिला सरगना समेत तीन गिरफ्तार।
लखनऊ : कृष्णानगर में ऑटो में सवार महिलाओं की सोने की चेन और मंगलसूत्र उड़ाने वाले शातिर अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश हुआ है। डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर गठित 4 पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर गैंग की महिला सरगना समेत 3 बदमाशों को दबोचा। आरोपियों के पास से करीब 6 लाख रुपये की ज्वैलरी, 12 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट बोलेरो बरामद की गई है। 20 से 22 मई के बीच अवध चौराहे और कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन के पास ऑटो में बैठी महिलाओं के साथ ताबड़तोड़ टप्पेबाजी की 3 घटनाएं हुई थीं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा के निर्देशन और थाना प्रभारी पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जाल बिछाया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सिविल ड्रेस में तैनात टीम और 150 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद 23 मई को डूडा कॉलोनी, आशाराम बापू मार्ग से गैंग दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में गैंग की सरगना बिंदू उर्फ चिंकी, गीता देवी – दोनों गोरखपुर निवासी, और चालक नरसिंह शामिल हैं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि ये होटल और झुग्गी-झोपड़ी में ठिकाना बदलते, बिना नंबर प्लेट बोलेरो से लखनऊ आते और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर बच्चों के साथ रैकी करते थे। ऑटो में बैठते ही यात्रियों को धक्का-मुक्की कर भ्रमित करते और दूसरा सदस्य चुपके से गहने-पर्स उड़ा लेता। आरोपियों ने कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन और अवध चौराहे से चेन व मंगलसूत्र लॉकेट चोरी करना कबूला। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सरगना बिंदू पर कानपुर से कुशीनगर तक 5 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गीता और नरसिंह पर कृष्णानगर में 3-3 केस हैं। बरामद 2 सोने की चेन, 1 मंगलसूत्र लॉकेट और नकदी के साथ तीनों को जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.