“मोरिंगा का सेवन, निरोगी जीवन” – डॉ. आनंद सिंह ने गिनाए सहजन के फायदे
लखनऊ : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में हेल्थ एंड वेलनेस कंसलटेंट डॉ. आनंद सिंह ने मोरिंगा यानी सहजन के औषधीय गुणों पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. सिंह एन.एच.आई. कैलिफोर्निया (यूएसए) से जुड़े हैं और चिकित्सालय में प्रभारी अधिकारी, फार्मेसी के पद पर हैं। डॉ. सिंह के अनुसार मोरिंगा के पत्ते, फल, फूल और जड़ सभी पोषक तत्वों से भरपूर हैं। इसमें संतरे से 7 गुना अधिक विटामिन सी, पालक से 25 गुना अधिक आयरन, दही से 9 गुना अधिक प्रोटीन और दूध से ज्यादा कैल्शियम पाया जाता है। कुल 92 पोषक तत्व, मैग्नीशियम, जिंक, विटामिन ए, ई और बी कॉम्प्लेक्स इम्युनिटी और याददाश्त बढ़ाने में मददगार हैं। कार्यक्रम में बताया गया कि मोरिंगा करीब 300 बीमारियों से बचाव में सहायक हो सकता है। यह ब्लड शुगर व कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित करता है, टाइप-1 व टाइप-2 डायबिटीज और जोड़ों के दर्द में राहत देता है। न्यूरोपैथी, रेटिनोपैथी व किडनी की समस्या से बचाव, लिवर फंक्शन में सुधार, कोलन, ब्रेस्ट, ओवरी, प्रोस्टेट व पैंक्रियाज कैंसर के जोखिम में कमी, साथ ही मानसून में बैक्टीरियल संक्रमण, खांसी-जुकाम पर नियंत्रण जैसे लाभ बताए गए। डॉ. सिंह ने सावधानी बरतने की सलाह दी: कम वजन वाले, गर्भवती महिलाएं, लो बीपी और थायराइड रोगी मोरिंगा से बचें। गंभीर रोग से ग्रसित लोग चिकित्सक की सलाह के बिना सेवन न करें। सीमित मात्रा में, हफ्ते या 10 दिन में एक बार उपयोग उचित बताया गया।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.