गोमती नगर आत्म चिंतन केंद्र में तीन दिवसीय समर किड्स कैंप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ

लखनऊ : गोमती नगर स्थित आत्म चिंतन केंद्र में बच्चों के लिए आयोजित तीन दिवसीय समर किड्स कैंप का आज बड़े उत्साह, उमंग और आध्यात्मिक वातावरण में शुभारंभ हुआ। कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों, आत्मिक जागरूकता तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में बच्चों को मनोरंजन, प्रेरणादायक गतिविधियों, खेलों, गीतों एवं ड्रिल्स के माध्यम से जीवन मूल्यों की सुंदर शिक्षा दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित IMRT Business School के चेयरमैन एवं भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी D. R. Bansal ने बच्चों से अत्यंत स्नेहपूर्ण संवाद किया। उन्होंने बच्चों को उनके वास्तविक स्वरूप “आत्मा” को याद करने और आत्म-सम्मान में रहने की सरल विधि समझाई।

आज के विशेष सत्र में बच्चों को आत्मा और उसके मूल गुण — शांति, प्रेम, आनंद, पवित्रता और शक्ति — का ज्ञान विभिन्न गेम्स, गीतों और रोचक ड्रिल्स के माध्यम से कराया गया, जिससे बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और आनंद के साथ आध्यात्मिक शिक्षा प्राप्त की।

अपने संबोधन में श्री बंसल ने प्रसिद्ध कौए और मटके की प्रेरणादायक कहानी सुनाते हुए बच्चों को निरंतर मेहनत, दृढ़ संकल्प और विल पावर का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में कैसी भी परिस्थिति आए — चाहे साइकिल खराब हो जाए, मोबाइल चार्ज न हो रहा हो, किसी की बात बुरी लग जाए या पढ़ाई याद न हो रही हो — कभी भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। आत्मविश्वास और संकल्प शक्ति से हर समस्या का समाधान संभव है।

कैंप में Radha Didi ने बच्चों के साथ “बच्चे मन के सच्चे” गीत पर आनंदमय गतिविधियाँ कराईं, जिससे पूरे वातावरण में खुशी और उत्साह का संचार हो गया। उन्होंने बच्चों की मासूमियत और निर्मल हृदय की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे सच्चे दिल वाले होते हैं और भगवान को भी अत्यंत प्रिय लगते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी जी के तीन बंदरों की प्रेरणादायक कहानी सुनाकर बच्चों को अच्छा देखने, अच्छा सुनने और अच्छा बोलने की सीख दी तथा बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।

कैंप के आगामी सत्र में बच्चों को टेलिस्कोप के माध्यम से चाँद और सूरज का अद्भुत दर्शन भी कराया जाएगा, जिससे बच्चों में विज्ञान और प्रकृति के प्रति जिज्ञासा एवं उत्साह बढ़ेगा।

कैंप का सफल संचालन शिक्षा दीदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन बच्चों को उनकी सहज एवं सरल भाषा में योग का सुंदर अनुभव कराकर किया गया, जिससे बच्चों ने शांति, आनंद और आत्मिक सुख की अनुभूति की।

पूरा कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मिक सशक्तिकरण और सकारात्मक जीवन दृष्टि को विकसित करने वाला रहा। अभिभावकों एवं उपस्थित सभी लोगों ने इस प्रेरणादायी आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.