युवा शक्ति और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से मजबूत होगा लोकतंत्र: ई. अवनीश कुमार सिंह

लखनऊ : युवाओं और शिक्षित नागरिकों को नागरिक चेतना (Civic Action) से जोड़ने के उद्देश्य से आज आईआईएम रोड स्थित सुभाष चंद्र बोस इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन में "मोबिलाइजिंग माइंड्स – स्ट्रेंथनिंग डेमोक्रेसी" विषय पर एक दिवसीय परामर्श कार्यशाला का गरिमामयी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह (MLC) ने दीप प्रज्वलित कर सत्र की शुरुआत की। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने देश के विकास और युवाओं को सही दिशा देने में स्वयंसेवी संगठनों (NGOs) की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "सकारात्मक युवा जुड़ाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को जमीन पर मजबूत करने में एनजीओ रीढ़ की हड्डी की तरह काम कर रहे हैं।" उन्होंने उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के कार्यों की सराहना करते हुए स्नातक मतदाताओं (Graduate Voters) को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और नेतृत्व संभालने का आह्वान किया।
दिग्गजों ने साझा किए विचार:
कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपनी बात रखी। 'यूथ आइकॉन' आरजे प्रतीक ने युवाओं को रूढ़ियों को तोड़कर सार्वजनिक जीवन में आगे आने के लिए प्रेरित किया, वहीं *कुसुम जी ने राजनीति और नागरिक भागीदारी में महिलाओं की दोहरी भूमिका और उनके नेतृत्व पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा  देवेंद्र मिश्रा, प्रमिल और मधुकर सहित कई प्रमुख एनजीओ के प्रमुखों ने इस अभियान को जिला स्तर पर आगे ले जाने के लिए अपने विचार और कार्ययोजना साझा की।
सफल संचालन और आतिथ्य:
कार्यक्रम की शुरुआत में सुभाष इंस्टीट्यूट की डॉ. सुधा ने सभी अतिथियों और एनजीओ प्रतिनिधियों का स्वागत किया और संस्थान की ओर से कार्यक्रम की मेजबानी की। पूरे सत्र और विचार-विमर्श (Consultative Inputs) के मंच का शानदार संचालन  डॉ. भानु द्वारा किया गया।
कार्यशाला के अंतिम चरण में सभी सहभागी संगठनों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्रों में इस लोकतंत्र सुदृढ़ीकरण अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और नेटवर्किंग लंच के साथ हुआ।

रिपोर्टर : मुकेश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.