डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने की जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

लखनऊ : पुलिस उपायुक्त दक्षिणी श्री अमित कुमार आनंद ने जोन कार्यालय पर जनसुनवाई आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुना। जनसुनवाई में विभिन्न थानों से आए शिकायतकर्ताओं ने भूमि विवाद, महिला सुरक्षा, यातायात, शांति व्यवस्था और पुलिस कार्यशैली से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। डीसीपी आनंद ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और विवेचकों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा किया जाए। साथ ही, अनावश्यक देरी या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। डीसीपी ने कहा कि नियमित रूप से ऐसी सुनवाई आयोजित की जाएंगी ताकि आमजन अपनी शिकायतें बिना किसी भय या बिचौलिए के सीधे पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा सकें।

 

 रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.