टाटा पावर का ‘घर घर सोलर’ अभियान लॉन्च, 3 लाख रूफटॉप लगाने का लक्ष्य
लखनऊ : टाटा पावर सोलर रूफटॉप ने 29 मई को लखनऊ में ‘घर घर सोलर’ अभियान का शुभारंभ सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक प्रतिष्ठित होटल से किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को सौर ऊर्जा केंद्र बनाना और शहरी, अर्ध-शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में रूफटॉप सोलर अपनाने को तेज करना है। कंपनी के सीईओ डॉ० प्रवीण सिन्हा ने बताया कि कम्पनी शून्य डाउन पेमेंट और 697 रुपये से शुरू होने वाली आसान EMI पर 1 से 5 किलोवाट तक के कस्टमाइज्ड सोलर सिस्टम दे रही है। आवासीय और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 5 किलोवाट-घंटे से 50 मेगावाट-घंटे तक की एकीकृत बैटरी स्टोरेज भी लॉन्च की गई है, ताकि 24 घंटे बिजली मिल सके। उन्होंने बताया कि अगले 3 साल में राज्यभर में 3 लाख रूफटॉप पैनल लगाने और 1000 मेगावाट पीक क्षमता हासिल करने की योजना है। उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और राज्य सब्सिडी मिलाकर 3 किलोवाट तक के सिस्टम पर 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलती है, जो देश में सबसे ज्यादा है। अर्ध-शहरी और ग्रामीण बाजारों के लिए ‘मेरा गांव, मेरा सोलर’ पहल शुरू की गई है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से समझौता कर सुदूर क्षेत्रों में सोलर पहुंचाया जाएगा। हर 100 घरों में सोलर लगने पर गांव को विशेष सेवा विकल्प दिए जाएंगे। कंपनी का दावा है कि इससे बिजली बिल घटेगा और ग्रिड पर निर्भरता कम होगी।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा


No Previous Comments found.