विश्व स्तर पर चमके पुनर्वास विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक, टॉप 5% साइंटिस्ट्स में बनाई जगह
लखनऊ : डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक एवं वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. चन्द्र कुमार दीक्षित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्हें वर्ष 2025 की एससीआईरैंक ग्लोबल रजिस्ट्री में विश्व के टॉप 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक एवं विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. चन्द्र कुमार दीक्षित को वर्ष 2025 की प्रतिष्ठित SciRank Global Registry में वर्ल्ड टॉप 5% साइंटिस्ट्स में स्थान प्राप्त हुआ है। प्रो. दीक्षित के पास 29 वर्षों से अधिक का शिक्षण, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव है। उनके नाम 38 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पेटेंट दर्ज हैं, जबकि उनके शोध कार्यों को 3400 से अधिक बार उद्धृत किया जा चुका है। उनका एच-इंडेक्स 27 और आई-10 इंडेक्स 49 है, जो उनके उत्कृष्ट शोध कार्यों को दर्शाता है। वर्तमान में प्रो. दीक्षित विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक के साथ-साथ विभिन्न संकायों के डीन एवं विभागाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने नैनो टेक्नोलॉजी, स्मार्ट मटेरियल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और कंप्यूटेशनल मटेरियल साइंस जैसे आधुनिक वैज्ञानिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय शोध कार्य किए हैं। इससे पहले भी प्रो. दीक्षित विश्व के टॉप 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और शिक्षकों एवं छात्रों ने इसे गर्व का क्षण बताया है। “यह उपलब्धि न केवल प्रो. सी.के. दीक्षित की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विश्वविद्यालय के शोध और नवाचार की वैश्विक पहचान भी है।”
रिपोर्टर : अर्पित कुमार

No Previous Comments found.