मिशन शक्ति 5.0: आलमबाग पुलिस ने महिलाओं-बच्चियों को सुरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी
लखनऊ : महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के तहत थाना आलमबाग पुलिस ने शुक्रवार 30 मई 2026 को बड़ा जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने कैलाशपुरी के इकोगार्डन पार्क, चंदर नगर मार्केट और बस अड्डा क्षेत्र में महिलाओं और बच्चियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। अभियान का नेतृत्व महिला मुख्य आरक्षी रीमा रावत और महिला आरक्षी अमिता पाल ने किया। टीम में महिला आरक्षी आरती शाक्य, रागिनी प्रजापति, साक्षी सचान, रूपा यादव, अंजली सिंह और रि0 महिला आरक्षी शालिनी सिंह शामिल रहीं। पुलिस टीम ने महिलाओं को 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपात सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्डलाइन, 1076 टोल-फ्री हेल्पलाइन जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी। साथ ही साइबर क्राइम से बचाव, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत और यूपी कॉप ऐप के फीचर्स जैसे रियल-टाइम लोकेशन शेयरिंग, ऑनलाइन FIR की सुविधा भी समझाई।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में लखनऊ कमिश्नरेट के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। हर केंद्र पर 1 निरीक्षक, 1 अतिरिक्त निरीक्षक, 1 उपनिरीक्षक और 1 महिला उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है, ताकि थाने आने वाली महिलाओं की समस्याओं का तुरंत निस्तारण हो सके।
मिशन शक्ति के 6 बड़े लक्ष्य:
1. जागरूकता: कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी।
2. सुरक्षा: महिलाओं-बच्चों के खिलाफ अपराध रोकना और पीड़ितों को तुरंत मदद।
3. आपात मदद: हेल्पलाइन और यूपी कॉप ऐप का इस्तेमाल सिखाना।
4. डिजिटल सुरक्षा: साइबर अपराध की रिपोर्टिंग की जानकारी।
5. सामुदायिक भागीदारी: पुलिस-जनता के बीच भरोसा बढ़ाना।
6. कानूनी सहूलियत: प्रक्रिया को संवेदनशील और आसान बनाना।
पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति का मकसद सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों को सजग, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर भयमुक्त माहौल तैयार करना है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.