फर्जी दस्तावेज से करोड़ों की पैतृक जमीन हड़पने वाले 2 वांछित गिरफ्तार
लखनऊ : लखनऊ कमिश्नरेट की मोहनलालगंज पुलिस ने करोड़ों की पैतृक जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गैंग के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों प्रॉपर्टी डीलर हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस के मुताबिक 11 दिसंबर 2025 को वादी समीर मिर्जा ने थाना मोहनलालगंज में केस दर्ज कराया था। आरोप था कि ग्राम अमेठी, तहसील मोहनलालगंज स्थित उनकी पैतृक जमीन को हड़पने के लिए मुख्य आरोपी मो0 फरीद मिर्जा ने खुद को वादी के चाचा खुसरू मिर्जा का वारिस बताकर फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। यहां तक कि जीवित मां को मृत दिखाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी बनवाया गया। जांच में ये सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए।
इस षड्यंत्र में कई लोगों की मिलीभगत सामने आई। भूमि के फर्जी एग्रीमेंट कराकर बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई। मुख्य आरोपी मो0 फरीद मिर्जा, मो0 अशफाक मिर्जा उर्फ बाबू मियां और कलीम खां पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
फरार चल रहे अभियुक्त 1. फुरकान अहमद अब्बासी निवासी कस्बा अमेठी, गोसाईगंज और 2. अभिषेक यादव निवासी मुंशीगंज, अमेठी को शनिवार की शाम 7:45 बजे बारादरी चौराहा, कैसरबाग से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास:
फुरकान अहमद अब्बासी: गोसाईगंज थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना, गैंगस्टर समेत 6 मुकदमे दर्ज हैं।
अभिषेक यादव: गोसाईगंज व सरोजनीनगर थाने में धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न समेत 4 मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने वाली टीम: व०उ०नि० यशवन्त सिंह, का० अरूण कुमार यादव, का० अमित कुमार।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.