दिल्ली के शातिर लुटेरों का लखनऊ में 'एनकाउंटर'! पुलिस की गोली से लंगड़े हुए बदमाश
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में पुलिस और बदमाशों के बीच बीते देर रात हुई जबरदस्त मुठभेड़। कृष्णानगर पुलिस और साउथ जोन की सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय लूट गैंग का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली के दो शातिर लुटेरों को धर दबोचा। दोनों बदमासों के पैर में पुलिस की गोली लगी है जिन्हें लोक बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कृष्णानगर क्षेत्र में बीते 28 मई को कुन्दन विहार निवासी रामबाबू की बाइक से बैग लूटा गया था। कुछ दिन पहले वर्षा रानी की सोने की चेन भी छीनी गई थी। इन दोनों वारदातों से हड़कंप मच गया था। दोनो लूट के खुलासे हेतु डीसीपी दक्षिणी ने 4 टीमें गठित की थीं। 200 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगालने एवं ग्राउंड सूत्रों की मदद से आखिरकार पुलिस टीम लुटेरों के गैंग तक पहुंच गई। इसी क्रम में कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह के नेतृत्व में 30 मई की देर रात मानसनगर रोड,आशाराम बापू आश्रम के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक पर आते दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास हुआ। पुलिस को देखते ही बदमाश भागे, लड़खड़ाकर गिरे और पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायर किया। दो गोलियां सीधे बदमाशों के पैर में लगीं और खेल खत्म। घायल दोनों बदमाशों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया। जिन्हें इलाज हेतु लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे डीसीपी साउथ- बदमाशों के साथ मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया और कृष्णा नगर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। मौके पर एडीसीपी बसंथ कुमार रल्लापल्ली एवं एसीपी रजनीश वर्मा मौजूद रहे। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठा किये।
कौन हैं ये बदमाश?
1 - रोहन उर्फ गुड्डू, 23 साल: निवासी अम्बेडकर नगर, दिल्ली। इस पर गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर में लूट-चोरी के 20 मुकदमे दर्ज हैं। बिसरख थाने में अकेले 16 केस हैं।
2 - साहिल, 21 साल: निवासी मदनगिरि, दिल्ली। इस पर उन्नाव और नोएडा में 4 मुकदमे दर्ज हैं।
क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने इनके पास से 5.70 ग्राम सोने की चेन,लूटा गया बैग,दो अवैध तमंचे 315 बोर,दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की पल्सर बाइक भी जब्त कर ली गई है। कृष्णानगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने इस कार्रवाई से साफ कर दिया कि लखनऊ में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं। पूछताछ में गैंग के अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं, जल्द ही बाकी बदमाश भी सलाखों के पीछे होंगे। फिलहाल दोनों घायल लुटेरे पुलिस कस्टडी में लोकबंधु अस्पताल में भर्ती हैं। लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.