गूगल से मिला ‘ब्लिंकिट कस्टमर केयर’ का नंबर निकला फर्जी, खाते से उड़े 53 हजार रुपये।
लखनऊ : कृष्णानगर इलाके के एलडीए कॉलोनी सेक्टर डी-1 में रहने वाले संतोष कुमार वर्मा को गूगल से ब्लिंकिट कस्टमर केयर का नंबर तलाशना भारी पड़ गया। फर्जी नंबर पर कॉल करते ही साइबर ठगों ने उनके दो बैंक खातों से 52,900 रुपये उड़ा दिए। पीड़ित के मुताबिक 16 मई की शाम उन्होंने गूगल से ब्लिंकिट कस्टमर केयर का नंबर निकालकर कॉल किया था। कॉल के कुछ देर बाद ही मोबाइल पर बैंक ऑफ इंडिया और एसबीआई खाते से कुल 52,900 रुपये कटने का मैसेज आ गया। ठगी का अहसास होते ही संतोष ने तुरंत बैंक से संपर्क कर खाते ब्लॉक कराए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल और कृष्णानगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। कृष्णानगर पुलिस ने संतोष की तहरीर पर आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गूगल पर दिख रहे फर्जी नंबर और पैसे ट्रांसफर हुए खातों की डिटेल खंगाल रही है। साइबर एक्सपर्ट ने चेताया कि गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करने से बचें। हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही हेल्पलाइन लें।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.