आजादनगर में रोड पर खाना डालने को लेकर खूनी संघर्ष: पड़ोसियों ने बरसाए ईंट-गुम्मे, मां-बेटे-बेटी समेत तीन लहूलुहान !

लखनऊ :  कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर में मामूली बात पर पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। सड़क पर खाना डालने के विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ईंट और गुम्मों से हमला बोल दिया। इस पथराव में दो महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 2 जून की रात करीब 11 बजे की है। आजाद नगर निवासी मुस्तकिम पुत्र स्व. नसीम खाँ ने थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि उनके पड़ोसी निसार अहमद, उसके बेटे रिजवान व अदनान, बेटियां उजाली, जुगनू, गड्डी और पत्नी सकिना बेगम ने रोड पर खाना डालने को लेकर गालीगलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते सभी एक राय होकर गुम्मे चलाने लगे।  अचानक हुए हमले में मुस्तकिम की मां नसीम बानो, भाई शेरू महताब और बहन हूस्ना के सिर फट गए। तीनों के शरीर पर जगह-जगह गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर भाग निकले। परिजन घायलों को लेकर लोकबंधु अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इलाज के बाद पीड़ित ने कृष्णानगर थाने पहुंचकर पूरे परिवार के खिलाफ नामजद शिकायत की। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर निसार अहमद समेत सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम साक्ष्य जुटा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।  स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी साफ-सफाई को लेकर विवाद होते रहे हैं। पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।

 रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.