नाबालिग बच्चियों को शादी के नाम पर राजस्थान में बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश, एक नाबलिग सहित 3 गिरफ्तार

लखनऊ :  दक्षिणी जोन की मोहनलालगंज पुलिस ने नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर राजस्थान में शादी के नाम पर बेचने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुराग यादव, मोहम्मद अख्तर, प्रिया पटेल उर्फ शीला और एक 17 वर्षीय बाल अपचारी को अतरौली क्रॉसिंग से गिरफ्तार किया है। गिरोह ने 12 व 16 साल की दो सगी बहनों को कोटा ले जाकर बेचने की साजिश रची थी। 12 मई को ग्राम गनियार निवासी कमलेशा ने थाना मोहनलालगंज में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग नातिनों को रिश्तेदार बाल अपचारी और प्रिया पटेल बहला-फुसलाकर ले गए हैं। केस दर्ज कर डीसीपी दक्षिणी ने 4 टीमें गठित कीं। 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी सर्विलांस के बाद 18 मई को दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रिया पटेल की 2020 में कोटा निवासी सोनम से मुलाकात हुई थी। सोनम ने गरीब सुंदर लड़कियों की राजस्थान में शादी कराकर पैसे कमाने का लालच दिया था। प्रिया अपने लिव-इन पार्टनर अनुराग यादव व अख्तर के साथ गरीब व अनाथ बच्चियों को टारगेट करती थी। उन्हें मां से मिलाने और नए कपड़ों का लालच देकर रायबरेली ले जाती, फिर फोटो व्हाट्सएप पर सोनम को भेजती। एक लड़की के बदले गिरोह को 1 से 1.5 लाख रुपये मिलते थे। पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी गिरोह रायबरेली की दो बहनों को बेच चुका है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन बरामद हुए हैं। चारों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। 


रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.