RML अस्पताल विवाद: सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट का आरोप निकला झूठ, CCTV में खुला सच!

लखनऊ :  डा० राम मनोहर लोहिया अस्पताल की ओल्ड ओपीडी में सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिला से मारपीट की सोशल मीडिया पर वायरल खबर को विभूतिखण्ड पुलिस ने झूठा बताया है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में सुरक्षाकर्मियों की कोई गलती नहीं मिली है। बता दे कि आज शुक्रवार को थाना विभूतिखण्ड पुलिस को ओल्ड ओपीडी में दो महिलाओं के बीच मारपीट की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि पर्चा काउंटर पर लाइन को लेकर बाराबंकी निवासी रीना सिंह और एक अन्य महिला में विवाद हुआ। पुलिस और महिला सुरक्षाकर्मियों ने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन रीना सिंह विवाद करती हुई अस्पताल से बाहर सड़क पर चली गई और खुद को अस्वस्थ दिखाने लगी, जिससे शांति व्यवस्था बिगड़ रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में रीना सिंह द्वारा दूसरी महिला से विवाद और मारपीट करते दिखीं। मौके के लोगों से पूछताछ और फुटेज के आधार पर सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिला से मारपीट की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने इसे पूरी तरह असत्य और निराधार बताया। वहीं शांति भंग करने पर रीना सिंह के खिलाफ धारा 170/120/135 बीएनएस में निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। 

रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.