कृष्णानगर पुलिस ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन की दी जानकारी

लखनऊ : महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संकल्प के साथ चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत कृष्णानगर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र में भ्रमण कर जागरूकता अभियान चलाया।पुलिस टीम ने बाजारों, स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से बताया। पुलिसकर्मियों ने वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपात सेवा 112, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और इन्हें सेव करने की अपील की।

जागरूकता के दौरान साइबर अपराध पर विशेष फोकस रहा। पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग, अश्लील मैसेज और डिजिटल ठगी से बचने के तरीके बताए। साथ ही यातायात नियमों के पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा के बारे में भी समझाया। महिला कल्याण विभाग की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन और वन स्टॉप सेंटर 181 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने महिलाओं से कहा कि वे किसी भी उत्पीड़न, छेड़छाड़ या साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.