पार्थ इन्फ्रा पर करोड़ों की ठगी का आरोप, फ्लैट न देने पर ACP को प्रार्थना पत्र
लखनऊ : सरोजनीनगर थाना क्षेत्र दरोगा खेड़ा स्थित पार्थ इन्फ्राबिल्ड प्रा. लि. पर फ्लैट खरीदारों के साथ करोड़ों की ठगी का आरोप लगा है। पार्थ रिपब्लिक मेम्बर्स एसोसिएशन ने सोमवार को ACP कृष्णानगर रजनीश वर्मा को प्रार्थना पत्र देकर कंपनी व निदेशकों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। एसोसिएशन के अनुसार खरीदारों ने 2015 के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना व अन्य योजनाओं के तहत कानपुर रोड मिरानपुर विनवट स्थित पार्थ रिपब्लिक प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराए थे। कंपनी ने निर्धारित समय में कब्जा देने का वादा किया, लेकिन वर्षों बाद भी निर्माण ठप है। रेरा की मान्यता भी समाप्त हो चुकी है। खरीदारों ने किस्तें पूरी जमा कर दीं, फिर भी कंपनी टालमटोल कर रही है। पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी ने सुनियोजित षड्यंत्र कर धन लेकर वादे पूरे नहीं किए। 1 जून 2026 को गोमती नगर स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में जानकारी मांगने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कंपनी की नियत प्रोजेक्ट पूरा करने की नहीं लगती। एसोसिएशन ने कंपनी निदेशक डॉ. अनुभा यादव, रोहित यादव व अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ BNS 2023 की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, षड्यंत्र की धाराओं में FIR कर संपत्ति, बैंक खाते व वित्तीय लेनदेन की जांच की मांग की है। मौके पर रेनू वर्मा, संतोष वर्मा, कैलाश मठपाल, अधिवक्ता प्रवीण दीक्षित सहित दर्जनों पीड़ित मौजूद रहे।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.