लखनऊ से दिल्ली तक विशेष पूजा, पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर धार्मिक अनुष्ठान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लखनऊ और दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस मौके पर नेताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।

लखनऊ में भाजपा की ओर से शहर के आठ प्रमुख मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी हनुमान सेतु मंदिर पहुंचे और वहां पूजा कर प्रधानमंत्री के लिए प्रार्थना की। इसी तरह राज्यसभा सांसद बृजलाल ने इमली बांध स्थित बाबा मंदिर में दर्शन कर मोदी के स्वस्थ और यशस्वी नेतृत्व की कामना की।

दिल्ली में भी इस अवसर पर धार्मिक आयोजन हुए। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुभ सिद्धि विनायक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए विशेष अनुष्ठान किया गया।

लखनऊ महानगर भाजपा की ओर से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में सामूहिक पूजा कार्यक्रम आयोजित किए गए। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी शामिल हुए। उत्तर विधानसभा के निरालानगर हनुमान मंदिर में विधायक डॉ. नीरज बोरा ने पूजा में भाग लिया।

इंदिरानगर के भूतनाथ मंदिर में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव मौजूद रहे, जबकि आलमबाग के मौनी बाबा मंदिर में नोएडा विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने पूजा की। सरोजनीनगर के महाकालेश्वर महादेव मंदिर में एमएलसी रामचंद्र प्रधान और सदर क्षेत्र के द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने अनुष्ठान में हिस्सा लिया। मध्य विधानसभा क्षेत्र के याहियागंज स्थित छाछी कुआं परिसर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां राज्यसभा सांसद बृजलाल शामिल हुए।

भाजपा नेताओं ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों का उल्लेख किया। साथ ही “विकसित भारत–2047” के लक्ष्य को दोहराते हुए देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही गई।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.