सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति को किया गिरफ्तार

लखनऊ :  पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की सुशान्त गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित आरोपी पति अजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। 30 वर्षीय आरोपी इलेक्ट्रिशियन है और जौनपुर का निवासी है। गुरुवार 11 जून को वादी सूरज लाल यादव, निवासी जौनपुर, ने तहरीर दी कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालजनों और दामाद द्वारा उनकी बेटी को प्रताड़ित कर मारपीट की जाती थी। इससे क्षुब्ध होकर 10 जून को उनकी पुत्री प्रियंका यादव ने आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में धारा 85, 80(2) बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट में केस दर्ज किया गया। केस में पति अजय कुमार, ससुर अमरजीत यादव और सास शीला देवी को नामजद किया गया। घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान आज शुक्रवार 12 जून को पुलिस टीम प्लासियो माल तिराहा और अहिमामऊ क्षेत्र में भ्रमणशील थी। मुखबिर की सूचना पर अहिमामऊ चौराहे से वांछित आरोपी अजय कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 2021 में प्रियंका से विवाह हुआ था। पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता था, जिससे क्षुब्ध होकर पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद वह डरकर भागने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।


 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.