चिनहट पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को किया गिरफ्तार, नाबालिग सकुशल बरामद
लखनऊ : पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पूर्वी, थाना चिनहट की टीम ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। नाबालिग को पुलिस ने सकुशल बरामद कर विधिक कार्यवाही के तहत परिजनों को सौंप दिया है।
बीते 20 अप्रैल 2026 को वादी ने चिनहट थाने में तहरीर दी थी कि आरोपी ने उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की विवेचना उ.नि. धनंजय कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक चिनहट के निर्देश पर नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही नामजद आरोपी सुमित कुमार पुत्र राम किशोर, उम्र लगभग 22 वर्ष, निवासी गोयला, थाना चिनहट को अम्बेडकर मूर्ति तिराहा, ग्राम गोयला से गिरफ्तार किया गया।
विवेचक ने नाबालिग के धारा 180 बीएनएस के बयान दर्ज कराए, जिसके आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ.नि. धनंजय कुमार सिंह, उ.नि. दिलीप कुमार और हे.का. बृजेश कुमार शामिल रहे।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.