निगोहाँ पुलिस ने 24 घंटे में खोला चोरी का राज, 2 शातिर गिरफ्तार, 90% जेवर बरामद
लखनऊ : दक्षिणी जोन की निगोहाँ पुलिस ने घर में घुसकर चोरी की घटना का 24 घंटे के अंदर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए लगभग 90% पीली और सफेद धातु के जेवर बरामद कर लिए।
ग्राम निगोहाँ निवासी रफीकुन निशा पत्नी शमीम 13 जून को परिवार के साथ देवा शरीफ दर्शन के लिए बाराबंकी गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के कमरे में रखे बक्से का ताला टूटा है और जेवर गायब हैं। इस मामले में पुलिस ने मुकद्मा दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी के खुलासे में जुट गई।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने 18 जून को महुवारी बाग, निगोहाँ-अहिनवार मार्ग से प्रकाश में आये दो अभियुक्त क्रमश: 20 वर्षीय फरीद और 21 वर्षीय शानू, निवासी ग्राम निगोहाँ को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में शातिर फरीद ने बताया कि उसे पता था कि शमीम का परिवार देवा शरीफ गया है। इसी का फायदा उठाकर दोनों दीवार फांदकर घर में घुसे और बक्से का ताला तोड़कर जेवर चुरा लिए। चोरी का सामान उन्होंने महुवारी बाग के खंडहर में छिपा दिया था। बेचने ले जाते समय पुलिस ने दबोच लिया।
बरामदगी में एक हार, झुमकी, अंगूठी, नाक कील, मांग टीका समेत पीली धातु के आभूषण और पायल, हथफूल, बिछिया जैसे सफेद धातु के जेवर शामिल हैं। पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद विधिक कार्यवाही के तहत दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों को कड़ा संदेश गया है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.