फर्जी नियुक्ति पत्र से नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार, लाखों की ठगी का आरोप

लखनऊ :  पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की पूर्वी जोन पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवकों से ठगी करने वाले गिरोह के दो वांछित सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त सर्वेयर पद पर नौकरी का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र और कूटरचित ई-मेल आईडी के जरिए पीड़ितों से लाखों रुपये हड़पते थे। पुलिस आयुक्त के अपराध विरोधी अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी और सहायक पुलिस आयुक्त अलीगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना विकासनगर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने अपराध संख्या 194/2024 में वांछित अभियुक्त पवन पाण्डेय को 21.06.2026 को दाऊदनगर, मड़ियांव क्षेत्र से और सर्वेश पाण्डेय उर्फ मनोज कुमार यादव को उसके निवास स्थान के पास से गिरफ्तार किया।

क्या था मामला-  
बरेली निवासी दिलशाद हुसैन ने 04.11.2024 को थाना विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार अभियुक्तों ने उनके पुत्र अमन नवाज को सर्वेयर पद पर नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर धनराशि ली थी। विश्वास दिलाने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर सरकारी विभागों के नाम से कूटरचित ई-मेल आईडी से भेजे गए। पीड़ित को नियुक्ति पत्र की कॉपी देकर भ्रमित किया गया। बाद में ठगी गई धनराशि को अभियुक्त आपस में बांटकर खर्च कर लेते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त- 
 1- पवन पाण्डेय पुत्र स्व० गयानन्द पाण्डेय, निवासी सैदपुर, गाजीपुर, वर्तमान पता दाऊदनगर, मड़ियांव, लखनऊ।  2- सर्वेश पाण्डेय उर्फ मनोज कुमार यादव पुत्र जगदीश प्रसाद यादव, निवासी जौनपुर, वर्तमान पता दाऊदनगर, मड़ियांव, लखनऊ।  

पवन पाण्डेय पर महराजगंज के थाना कोठीभार में अपराध संख्या 312/2025 भी दर्ज है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा रिमांड स्वीकृत हुआ।

गिरफ्तारी टीम  
उ0नि0 भानु प्रताप सिंह, उ0नि0 राजेश कुमार यादव, आरक्षी राघवेन्द्र सिंह, आरक्षी संजय पाण्डेय।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। मामले की आगे विवेचना जारी है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.