अलीगंज अग्निकांड के बाद LDA का एक्शन, बाराविरवा में दर्जनभर कोचिंग सेंटर सील
लखनऊ : अलीगंज में 22 जून को कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद जागे एलडीए प्रशासन ने बुधवार को कानपुर रोड बाराविरवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। मानक विपरीत संचालित करीब एक दर्जन छोटे-बड़े कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया, जिसके बाद सेंटरों के आसपास सन्नाटा पसर गया।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश के बाद एलडीए जोन-2 की प्रवर्तन टीम ने जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में दिनभर अभियान चलाया। जांच में बाराविरवा में संचालित महेंद्रा कोचिंग, पीडब्लू, एलेन, आकाश कोचिंग, दुर्गेंद्रा क्लासेज, सेंचुरियन डिफेंस समेत कई नामचीन कोचिंग सेंटर नक्शे के विपरीत निर्माण और फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करते पाए गए।
जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि इन संचालकों द्वारा सेंटर परिसर में नक्शे के विपरीत अवैध निर्माण कराया गया था। लापरवाही उजागर होने पर बिना कोई मौका दिए तत्काल कोचिंग खाली कराकर सीजिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता एसके सोलंकी समेत पूरी प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
गौरतलब है कि 22 जून को अलीगंज के कोचिंग संस्थान में लगी आग में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 15 बच्चों की जान चली गई थी। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने एलडीए को समस्त कोचिंग संस्थानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.