क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की OG ड्रग के साथ तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ :  अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के तहत चल रहे "नशा मुक्त अभियान" में लखनऊ क्राइम ब्रांच नारकोटिक्स सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने 300 ग्राम हाई-प्रोफाइल ड्रग OG के साथ एक तस्कर को दबोच लिया। बरामद ड्रग की अंतर्राष्ट्रीय कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। क्राइम ब्रांच की ऑर्गनाइज्ड क्राइम हेल्पलाइन 7839861034 पर मिली गोपनीय सूचना पर 23.06.2026 को यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी सैय्यद जॉन पुत्र मो० शब्बू, निवासी 239 सज्जादिया कालोनी, आलमनगर, थाना तालकटोरा, उम्र 32 वर्ष है। उसके पास से 300 ग्राम OG (Ocean Grown THC/Hydroponic Weed) और एक TVS NTORQ स्कूटी बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। पूछताछ में सामने आया कि यह ड्रग बैंकॉक (थाईलैंड) से अवैध तरीके से भारत लाई जाती थी। आरोपी गेमिंग एप के जरिए नेटवर्क से जुड़ा था और लखनऊ समेत कई शहरों में छोटे तस्करों के माध्यम से सप्लाई करता था। OG सामान्य गांजे से ज्यादा नशीली होती है क्योंकि इसमें THC की मात्रा अधिक होती है। युवाओं में इसकी मांग तेजी से बढ़ी है।

बरामदगी वाणिज्यिक मात्रा से अधिक होने पर तालकटोरा थाने में मु0अ0सं0 0133/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

अपर पुलिस उपायुक्त अपराध किरन यादव (IPS) ने बताया कि 17 से 26 जून तक "नशा मुक्त भारत सप्ताह" मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम "नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान" है। पुलिस स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चला रही है और तस्करों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। जनसहयोग अपील: आमजन नशा तस्करी, मानव तस्करी या अन्य संगठित अपराधों की सूचना ऑर्गनाइज्ड क्राइम हेल्पलाइन 7839861034 पर दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

 

 रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.