मानक नगर में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी-जेवरात और मोबाइल ले गए चोर

लखनऊ :  मानक नगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। दिनदहाड़े ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, 30 हजार रुपये नकद और एंड्रॉयड मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से ग्राम खभौर, पोस्ट ताला, थाना दिलीपपुर, जनपद प्रतापगढ़ निवासी सचिन सिंह पुत्र स्वर्गीय कृष्ण कुमार सिंह वर्तमान में चित्रगुप्त नगर, मानक नगर में किराए पर रहते हैं। सचिन ने बताया कि वह 21 जून की सुबह करीब 10 बजे घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। 22 जून की रात करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे मिले। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।

चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, करीब 30 हजार रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पर सचिन ने मानक नगर थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस के अनुसार पीड़ित की तहरीर पर मंगलवार को चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ चोरों की तलाश जारी है।


 रिपोर्टर  : अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.