बुजुर्ग महिला ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, मुख्यमंत्री के आदेश पर केस दर्ज
लखनऊ : आशियाना के सेक्टर-आई में रहने वाली 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शिकायत पर मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस ने उनके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने पति पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सेक्टर-आई निवासी सुनीता सोनकर के अनुसार, उनके पति रजोल सोनकर एसबीआई से शाखा प्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हैं। सुनीता का आरोप है कि उनके पति का व्यवहार परिवार के प्रति ठीक नहीं है और वह आए दिन घर में उनके और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। आरोप है कि पति अपनी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया स्टेटस पर लगाते हैं, जिससे परिवार की छवि खराब हो रही है। पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2026 में उनकी बेटी की शादी थी। आरोप है कि इस दौरान भी पति ने विवाद किया और बेटी के साथ मारपीट की। दामाद ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सुनीता का कहना है कि उन्होंने पहले आशियाना थाने और 1090 पर भी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय में गुहार लगाई। मुख्यमंत्री के आदेश पर शुक्रवार को आशियाना पुलिस ने रजोल सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.