ऑपरेशन फेक जॉब: क्राइम ब्रांच ने फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
लखनऊ : पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की क्राइम ब्रांच ने ‘ऑपरेशन फेक जॉब’ के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी जॉब के नाम पर साइबर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। विभूतिखंड इलाके में छापेमारी कर तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया गया।
कैसे करते थे ठगी
गिरफ्तार अभियुक्त बलराम तिवारी, शैलेश कुमार उर्फ एचआर शिखर त्रिपाठी और नीतेश शर्मा उर्फ एचआर अजीत सिंह जॉब पोर्टल से बेरोजगारों का डाटा खरीदते थे। फिर खुद को बैंकों व नामी कंपनियों का एचआर बताकर फोन करते थे। फर्जी जॉइनिंग लेटर, ऑफर लेटर, एग्रीमेंट व्हाट्सएप-ईमेल से भेजकर विश्वास जीतते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, इंटरव्यू, वेरिफिकेशन व प्लेसमेंट शुल्क के नाम पर खातों में पैसे जमा कराते थे।
क्या हुआ बरामद
पुलिस ने सी-71, साई टावर के पास चल रहे कॉल सेंटर से 6 मोबाइल, 2060 रुपये नकद, मारुति फ्रॉन्क्स कार, 14 सिम, 10 डेबिट कार्ड, 2 पासबुक, 213 फर्जी जॉइनिंग लेटर, एग्रीमेंट, क्लाइंट डाटा शीट समेत दस्तावेज बरामद किए।
एडीसीपी अपराध किरन यादव ने बताया कि बरामद मोबाइलों की जांच में देशभर से ठगी की कई शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर मिली हैं। अभियुक्त प्रति माह हजारों लोगों का डाटा खरीदकर ठगी करते थे। विभूतिखंड थाने में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी शुल्क का भुगतान करने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट व ईमेल से पुष्टि करें। फर्जी ऑफर लेटर पर भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर 1930 या http://cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.