विकासनगर में जूता-चप्पल की दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

लखनऊ :  विकासनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कुर्सी रोड पर महावीर इंटर कॉलेज के सामने स्थित मार्केट में जूता-चप्पल की दुकान में भीषण आग लग गई। पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। कोई जनहानि नहीं हुई।

थाना विकासनगर पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11:58 बजे आग लगने की सूचना मिली। मार्केट के ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर मोहम्मद समीर व मोहम्मद हसीन की जूता-चप्पल की दुकान है। दुकानों के पीछे रिहायशी मकान भी हैं। 

समय रहते उठाए गए कदम  
सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन आसपास के मकानों को खाली कराया गया। घरों से एलपीजी सिलेंडर व अन्य ज्वलनशील सामान बाहर निकलवाया गया। 

इंदिरानगर, हजरतगंज और बीकेटी फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां रवाना हुईं। इंदिरानगर की पहली यूनिट 12:11 बजे पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। दो दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। 

बड़ी घटना टली  
पुलिस व फायर सर्विस की संयुक्त कार्रवाई से आग आसपास की दुकानों और मकानों तक नहीं फैल पाई। घटना में कोई व्यक्ति हताहत या घायल नहीं हुआ। आग में किसी के फंसे होने की सूचना भी नहीं है। 

फिलहाल स्थिति सामान्य है। प्रथम दृष्टया आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस व फायर विभाग द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.