जल निगम, जल कल और सुएज इण्डिया के साथ पुरनिया कार्यालय पर हुई बैठक।

लखनऊ :  क्षेत्र की जनता को जलभराव, सीवर चोक और ओवरफ्लो की गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए विधायक डा. नीरज बोरा ने आज पुरनिया स्थित कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जल निगम, जल कल विभाग और सुएज इण्डिया के वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान विधायक डा. नीरज बोरा ने संबंधित क्षेत्रों में सीवर व्यवस्था की बदहाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत देते हुए आदेश दिया कि जानकीपुरम, फैजुल्लागंज, जोन ३ और जोन ६ के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों में सीवर चोक और ओवरफ्लो की समस्याओं का अगले १० दिनों के भीतर हर हाल में स्थायी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने स्पष्ट किया कि सीवर से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनता को और परेशान नहीं होने दिया जाएगा। अगले १० दिनों के भीतर प्रभावित वार्डों की सफाई और मरम्मत का कार्य पूरा हो जाना चाहिए। डा.नीरज बोरा ने सख्त लहजे में कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं हुआ या कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और सुएज इण्डिया एजेंसी के खिलाफ शासन स्तर पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जल निगम, जल कल और सुएज इण्डिया को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया है ताकि सड़कों पर बहते सीवर के पानी और मैनहोल की समस्याओं को तुरंत ठीक किया जा सके। बैठक के अंत में विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा, "जानकीपुरम और फैजुल्लागंज सहित जोन ३ व ६ के कई वार्डों से लगातार सीवर ओवरफ्लो की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। जनहित में कार्य करना हमारी पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" बैठक में दिव्यांशु सिंह अधिशासी अभियंता जल निगम, मनोज कुशवाहा सहायक अभियंता जल निगम, गया प्रसाद सहायक अभियंता जल कल जोन 3, गौरव सिंह एवं संजीव शाही सुएज इंडिया प्रा.लि. से उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.