ऑपरेशन ‘दहन’ के तहत लखनऊ पुलिस ने 1.18 करोड़ का नशा नष्ट किया
लखनऊ : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने रविवार को ऑपरेशन ‘दहन’ चलाकर 344.87 किलो जब्त मादक पदार्थ नष्ट कर दिए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.18 करोड़ रुपये है। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई हुई। निस्तारण पर्यावरणीय मानकों के अनुसार अधिकृत इन्सिनरेटर में किया गया। वीडियोग्राफी भी कराई गई।
क्या-क्या हुआ नष्ट
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 319.65 किलो पोस्ता, 23.40 किलो गांजा, 1.13 किलो हेरोइन/मार्फीन, 0.087 किलो डायजेपाम और 0.30 किलो चरस शामिल है। हेरोइन की कीमत ही 1.13 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान एडीसीपी अपराध व नोडल अधिकारी किरण यादव, एसीपी अपराध, ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, फोरेंसिक टीम व थानों के प्रभारी मौजूद रहे।
एडीसीपी किरण यादव ने बताया कि लखनऊ पुलिस ‘Zero Tolerance Against Drugs’ पर काम कर रही है। हाल ही में क्राइम ब्रांच ने 300 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ एक आरोपी पकड़ा है। तस्करी नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए वित्तीय जांच भी जारी है।
जनता से अपील
पुलिस ने अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या भंडारण की सूचना नारकोटिक्स हेल्पलाइन 7839861034 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.