संविदा समाप्त होने से नाराज चालक-परिचालक ने एआरएम को पीटा, तीन पर SC-ST एक्ट में केस दर्ज
लखनऊ : हैदरगढ़ डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश प्रसाद के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। आरोप संविदा समाप्त किए गए चालक निजामुद्दीन और परिचालक वीरेन्द्र विक्रम मिश्रा पर है। घटना मंगलवार सुबह मानकनगर थाना क्षेत्र के रामनगर आलमबाग की है।
मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि एआरएम जगदीश प्रसाद की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ SC-ST एक्ट, मारपीट व धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
एआरएम जगदीश प्रसाद के अनुसार, विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने पर 29 जून को संविदा चालक निजामुद्दीन और संविदा परिचालक वीरेन्द्र विक्रम मिश्रा की संविदा समाप्त कर दी गई थी। इससे नाराज दोनों आरोपियों ने 30 जून की सुबह करीब 9:55 बजे रामनगर आलमबाग स्थित सोफिया टेलर की दुकान के पास उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि दोनों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के पास हथियार होने का संदेह था। वे कह रहे थे- "निकालो, पीछे से खत्म कर दो।"
पत्रकार पर उकसाने का आरोप
एआरएम ने आरोप लगाया कि घटना शाहजहांपुर निवासी पूर्व संविदा परिचालक तबरेज आलम के उकसावे पर हुई। तबरेज वर्तमान में खुद को पत्रकार बताता है।
घटना के बाद जगदीश प्रसाद ने कंट्रोल नंबर पर पुलिस को सूचना दी और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर मानकनगर थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा
No Previous Comments found.