64 बटालियन एनसीसी के लखनऊ विश्वविद्यालय में चल रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स ने सीखे साइबर सुरक्षा के गुर, किया योगाभ्यास*
लखनऊ : 64 बटालियन एनसीसी के तत्वाधान में आयोजित कंबाइंड एनुअल ट्रेनिंग कैंप (CATC) अपने पूरे शबाब पर है। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अंशु कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व एवं लेफ्टिनेंट कर्नल अनिवेश आनंद राय एडम अफसर बटालियन एसएम (सूबेदार मेजर) आशीष चौहान की अथक मेहनत व अन्य सहयोगी सैन्य स्टाफ के सहयोग से इस कैंप का सफर बेहद शानदार और ज्ञानवर्धक साबित हो रहा है।
शिविर के चौथे दिन देश के भविष्य यानी एनसीसी कैडेट्स को आधुनिक युग की सबसे बड़ी जरूरत 'साइबर सुरक्षा' के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।*विशेषज्ञों ने दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स*
आज के डिजिटल युग में जहां तकनीक ने हमारे जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराधों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए कैंप के चौथे दिन साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा छात्र-छात्राओं को विशेष ट्रेनिंग दी गई। विशेषज्ञों ने कैडेट्स को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, पासवर्ड सिक्योरिटी, फिशिंग अटैक और डिजिटल फुटप्रिंट्स के बारे में विस्तार से समझाया। विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर कैसे बड़े से बड़े साइबर वित्तीय और मानसिक नुकसान से बचा जा सकता है। एनसीसी कैडेट्स ने इन सभी बारीकियों को बेहद गंभीरता और रुचि के साथ सीखा।
मानसिक सजगता के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए एनसीसी के अनुभवी ट्रेनर्स द्वारा सुबह के सत्र में कैडेट्स को योगाभ्यास कराया गया। 'स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग का वास होता है' के मूलमंत्र को चरितार्थ करते हुए ट्रेनर्स ने कैडेट्स को विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लाभ भी बताए।
*सराहनीय रहा बटालियन स्टाफ का प्रयास*
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कर्नल अंशु सिंह चौहान के दिशा-निर्देशन और सूबेदार मेजर आशीष चौहान की अथक मेहनत साफ नजर आई। बटालियन के अन्य सैन्य और सिविल स्टाफ ने भी इस प्रशिक्षण सत्र को सुचारू रूप से चलाने में अपना पूरा योगदान दिया। अनुशासन और सीखने की ललक के साथ कैडेट्स ने आज के सत्र से न सिर्फ शारीरिक ऊर्जा प्राप्त की, बल्कि खुद को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने का हुनर भी सीखा।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह
No Previous Comments found.