महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा स्थापना को मंजूरी, सिक्ख समाज ने जताया महापौर का आभार
लखनऊ : लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी द्वारा महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा स्थापना को स्वीकृति मिलने पर सिक्ख समाज ने हर्ष जताया। मंगलवार को सिक्खी मेरी पहचान फाउंडेशन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महापौर सुषमा खरकवाल से मुलाकात कर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने सदर गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर गुरु साहिब का शुक्राना अदा किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शेर-ए-पंजाब के नाम से विख्यात महाराजा रणजीत सिंह भारतीय इतिहास के महान शासकों में से एक थे। उन्होंने न्याय, धार्मिक सौहार्द और सुशासन पर आधारित शासन स्थापित किया। उनकी प्रतिमा लखनऊ में स्थापित होना न केवल सिक्ख समाज, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सिक्खी मेरी पहचान फाउंडेशन के अध्यक्ष सरदार दिलप्रीत सिंह (डीपी) ने कहा कि यह निर्णय महाराजा रणजीत सिंह के राष्ट्रप्रेम, वीरता और सामाजिक समरसता के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर सरदार रणवीर सिंह कलसी, सरदार कुलवंत सिंह, सरदार मनमोहन सिंह, सरदार कुलवीर सिंह सोढ़ी, सरदार निरवैर सिंह, सरदार सुरिंदर पाल सिंह घई, सरदार हरजीत सिंह सोखी, सरदार सुरजीत सिंह राजा, सरदार भूपिंदर सिंह (मोनू) व सरदार मलकीत सिंह मौजूद रहे।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.