ऑटो चालक की मौत पर बवाल: शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की

लखनऊ :  आलमबाग जेल रोड पर सड़क हादसे में ऑटो चालक अरुण कुमार सोनकर (36) की मौत के बाद बुधवार दोपहर परिजनों और स्थानीय लोगों ने कृष्णा नगर के स्नेह नगर में शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक हंगामा किया। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। मृतक की पत्नी सरिता देवी का आरोप है कि मंगलवार सुबह उनके पति के ऑटो को सरकारी गाड़ी ने टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। सरिता ने कहा कि पति किस्त पर ऑटो चलाते थे। अब कमाई का जरिया बंद हो गया है। तीन बच्चों करुणा (12), आरोही (11) और तरुण (7) का पालन-पोषण कैसे होगा। उन्होंने आलमबाग पुलिस पर गुमराह करने का भी आरोप लगाया। कहा कि घटना स्थल का सीसी कैमरा खराब था, लेकिन पुलिस ने गलत जानकारी दी। शव रखकर प्रदर्शन की सूचना पर कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह पुलिस व पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को प्रदर्शन से रोकने का प्रयास किया तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में मौके पर पहुंचे आलमबाग इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने प्रदर्शनकारियों को समझाया। उन्होंने दर्ज मुकदमे में कार्रवाई तेज करने और उच्च अधिकारियों से वार्ता कर मुआवजा दिलाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.