इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर महिला से 9.30 लाख की ठगी, विदेशी पार्सल का दिया झांसा
लखनऊ : आलमबाग कोतवाली इलाके में साइबर ठगों ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक महिला से 9.30 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने के नाम पर झांसा दिया और पार्सल छुड़ाने के बहाने अलग-अलग किस्तों में रकम वसूली। पैसे देने से इनकार करने पर अश्लील फोटो भेजकर वायरल करने की धमकी दी। आलमबाग कोतवाली के भोजपुरी अखाड़ा, मवैया निवासी सुगम गुप्ता पत्नी प्यारे लाल गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 8 मई को इंस्टाग्राम पर विपिन गुप्ता नाम के व्यक्ति ने संपर्क किया। दो दिन बातचीत के बाद उसने अमेरिका से महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही। अगले दिन आकाश वर्मा नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को मुंबई एयरपोर्ट का कर्मचारी बताकर पार्सल छुड़ाने के लिए पहले 18 हजार, फिर 40 हजार रुपये जमा कराए। इसके बाद आरोपियों ने पार्सल में महंगा हार, मोबाइल और दो डायमंड रिंग होने की बात कहकर 1.52 लाख रुपये और मांगे। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 9.30 लाख रुपये जमा करवा लिए। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने और पैसे देने से मना किया तो ठगों ने मोबाइल पर अश्लील फोटो भेजकर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल और आलमबाग पुलिस से शिकायत की। आलमबाग कोतवाली प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर मंगलवार को आईटी एक्ट की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव
No Previous Comments found.