बिजली मीटर उखाड़कर कमरे का ताला तोड़ा, सामान चोरी कर ले गए चोर

लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली इलाके के अलीनगर सुनहरा में चोरों ने एक प्लॉट को निशाना बनाया। बिजली का मीटर उखाड़ने के बाद कमरे का ताला तोड़कर गैती, फावड़ा समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने फुटेज के आधार पर नामजद केस दर्ज कराया है। कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि हजरतगंज के डालीबाग स्थित पिंकी अपार्टमेंट निवासी प्रशांत मिश्रा पुत्र स्व. योगेश्वर प्रसाद मिश्रा ने शिकायत दी है। प्रशांत के अनुसार अलीनगर सुनहरा में उनके प्लॉट पर एक कमरा और बाउंड्रीवाल बनी है। आरोप है कि आरएन यादव के कहने पर आलोक यादव ने 8 जून को प्लॉट की दीवार से बिजली का मीटर उखाड़ लिया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखा गैती, फावड़ा व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ित को घटना की जानकारी 6 जुलाई को प्लॉट पर पहुंचने पर हुई। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि 8 जून को आलोक यादव अपने कुछ साथियों के साथ सफेद रंग की कार से प्लॉट पर आया था और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पीड़ित की शिकायत पर मंगलवार को केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


 रिपोर्टर : अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.