ऑनलाइन ऑर्डर कैंसिल के नाम पर महिला से 3.05 लाख की साइबर ठगी, केस दर्ज
लखनऊ : राजधानी के आलमबाग स्थित कृष्णा नगर कोतवाली इलाके में साइबर ठगों ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर महिला से 3.05 लाख रुपये ठग लिए। फ्लिपकार्ट से ऑर्डर किए गए जूते कैंसिल कराने और रिफंड दिलाने का झांसा देकर ठगों ने महिला के बैंक खाते से रकम पार कर दी। पुलिस ने आईटी एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आशुतोष नगर निवासी शशि शुक्ला पत्नी सर्वेश शुक्ला ने बताया कि उन्होंने अपने बच्चे के लिए फ्लिपकार्ट से जूते ऑर्डर किए थे। 26 जून को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने खुद को फ्लिपकार्ट का कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपका ऑर्डर कैंसिल हो गया है और रिफंड प्रोसेस करना है।
पीड़िता के अनुसार, उस समय मोबाइल बच्चों के पास था। ठग ने बच्चों से फोन पर बात करते हुए मोबाइल स्क्रीन पर दिख रहे "तीन डॉट" पर क्लिक करवाया और कुछ स्टेप फॉलो करवाए। बच्चों ने बताई गई प्रक्रिया पूरी कर दी। कुछ ही मिनट बाद शशि शुक्ला के मोबाइल पर खाते से 3.05 लाख रुपये कटने का मैसेज आ गया।
शशि शुक्ला का खाता एसबीआई और कोटक महिंद्रा बैंक में है। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत साइबर सेल और कृष्णा नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
कृष्णा नगर पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर शनिवार को अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि ठगों ने रिमोट एक्सेस ऐप या फिशिंग लिंक के जरिए खाते की जानकारी हासिल की होगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन रिफंड या ऑर्डर कैंसिल के नाम पर आने वाली कॉल से सावधान रहें। कोई भी कंपनी फोन पर ओटीपी, बैंक डिटेल या स्क्रीन शेयर करने को नहीं कहती। बच्चे के हाथ में मोबाइल देते समय भी सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा
No Previous Comments found.