ऑपरेशन CY-VAJRA: लखनऊ में साइबर ठगी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क ध्वस्त, 9 ठग गिरफ्तार

लखनऊ : ऑपरेशन साइबर बज्र के तहत लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का बड़ा खुलासा किया है। NCRP/JMIS पोर्टल से मिले Mule Accounts के सत्यापन के दौरान उत्तरी जोन पुलिस ने 9 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। ये ठग भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर चीनी साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे।  

डीसीपी उत्तरी गोपाल चौधरी के निर्देशन में क्राइम ब्रांच, साइबर टीम और मड़ियांव पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 जुलाई को आईआईएम रोड सर्विस लेन से गिरोह को पकड़ा। आरोपियों के पास से 50 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 3 चेकबुक, 2 पासबुक, 1 टैबलेट, 1 आईपैड, ₹53,100 नकद और घटना में प्रयुक्त कार UP32FB8191 व बाइक UP32GA4936 बरामद हुई।  

गिरफ्तार आरोपियों में मो० शाहरूख, महफूज खान, सैय्यद अबदुल्ला, मो० बसर, मो० रुबान, शाबिर, सिकंदर, फरहान और तुफैल शामिल हैं। ये जोमैटो डिलीवरी ब्वाय, ब्लिंकिट कर्मचारी, एलएलबी छात्र और नीट की तैयारी करने वाले छात्र हैं। 

पुलिस के अनुसार, गिरोह गरीब लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। एटीएम, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग, ओटीपी लेकर खातों का पूरा नियंत्रण ले लेता था। साइबर ठगी की रकम इन Mule Accounts में मंगवाकर नकद निकाली जाती थी या USDT में बदलकर विदेशी वॉलेट में भेजी जाती थी। हर ट्रांजैक्शन पर इन्हें कमीशन मिलता था। 

गिरोह टेलीग्राम के जरिए आजम, अब्दुल और चीनी हैंडलरों के संपर्क में था। थाना मड़ियांव में बीएनएस की धारा 317(2), 318(4), 3(5), 111(2) और आईटी एक्ट 66-C के तहत केस दर्ज हुआ है। मोबाइल, क्रिप्टो वॉलेट और ट्रांजैक्शन की फॉरेंसिक जांच जारी है। 

डीसीपी उत्तरी ने टीम को 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अपना बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी किसी को न दें। साइबर ठगी होने पर 1930 पर कॉल करें।  

रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.