योगी सरकार के हरित महाअभियान में शिक्षा विभाग के संस्थानों में रोपे गए 50.62 लाख पौधे
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 में शिक्षा विभाग ने ऐतिहासिक भागीदारी निभाते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में संयुक्त रूप से 50.62 लाख पौधे रोपे। विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया।
विभागवार पौधरोपण :
उच्च शिक्षा विभाग : 20,02,150 पौधे
बेसिक शिक्षा विभाग : 12 लाख पौधे
माध्यमिक शिक्षा विभाग : 11 लाख पौधे
प्राविधिक शिक्षा विभाग : 5 लाख पौधे
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग : 2.60 लाख पौधे
‘हरित उत्तर प्रदेश का संकल्प नई पीढ़ी के हाथों में’ : योगेंद्र उपाध्याय
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार के मार्गदर्शन में उच्च शिक्षा विभाग ने निर्धारित लक्ष्य 20 लाख पौधे की तुलना में 20,02,150 पौधरोपण कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को नई ऊंचाई दी है। 24 राज्य विश्वविद्यालयों, 56 निजी विश्वविद्यालयों और 8,000 महाविद्यालयों के 50 लाख विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया है। हर परिसर में मियावाकी पद्धति से हरित वाटिकाएं विकसित हो रही हैं। यह केवल पौधरोपण नहीं, बल्कि सतत विकास के संस्कार हैं।
‘बचपन से ही पर्यावरण से जुड़ें बच्चे’ : संदीप सिंह
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों, केजीबीवी, बीआरसी व संकुलों में 12 लाख पौधरोपण कर बच्चों को प्रकृति से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि बच्चा जब पहली बार स्कूल आए, तभी से पेड़-पौधों से उसका रिश्ता बने। शिक्षकों, एसएमसी, अभिभावकों और बच्चों ने जैव विविधता व जल संरक्षण का संकल्प लिया। महानिदेशक मोनिका रानी ने स्वयं झांसी में ‘नंदन वन’ का निरीक्षण कर पौधों के संरक्षण की व्यवस्था परखी।
‘माध्यमिक विद्यालय बने हरित शिक्षा के केंद्र’ : गुलाब देवी
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने कहा कि राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों व डीआईओएस कार्यालयों में 11 लाख पौधे रोपे गए। योगी सरकार का लक्ष्य हर माध्यमिक विद्यालय को हरित शिक्षा का केंद्र बनाना है। छात्र-छात्राओं को जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। शिविर कार्यालय 18 पार्क रोड व एससीईआरटी निशातगंज में हरसिंगार, नाग चंपा, एरिका पाम व सहजन के पौधे लगाए गए।
‘तकनीकी संस्थानों से निकलेगा हरित नवाचार’ : आशीष पटेल
प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने बताया कि पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेजों एवं तकनीकी संस्थानों में 5 लाख पौधरोपण कर ‘हरित नवाचार’ की नींव रखी गई है। योगी सरकार तकनीकी शिक्षा के साथ पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को भी बढ़ावा दे रही है। तकनीकी छात्र अब सोलर, वेस्ट मैनेजमेंट व ग्रीन टेक्नोलॉजी के साथ पौधरोपण को भी अपने प्रोजेक्ट का हिस्सा बना रहे हैं।
‘स्किल के साथ संस्कार भी जरूरी’ : कपिल देव अग्रवाल
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आईटीआई, कौशल विकास केंद्रों एवं अन्य संस्थानों में निर्धारित लक्ष्य 2.53 लाख पौधे की तुलना में 2.60 लाख पौधे रोपे गए। योगी सरकार हुनर के साथ-साथ हर युवा में प्रकृति संरक्षण का संस्कार भी दे रही है। आईटीआई के प्रशिक्षार्थियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाकर मातृत्व और पर्यावरण दोनों के प्रति सम्मान प्रकट किया है।
हरित उत्तर प्रदेश को मिली नई ऊर्जा
35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान में शिक्षा विभागों की सक्रिय भागीदारी ने हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई ऊर्जा दी। सभी शिक्षा से जुड़े मंत्रियों ने कहा कि योगी सरकार में पौधरोपण अब केवल अभियान नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के संस्कार और जनभागीदारी का स्थायी आंदोलन बन चुका है। रोपे गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग कर नियमित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह
No Previous Comments found.