मकान-प्लाट दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, पति-पत्नी समेत 4 गिरफ्तार

लखनऊ :  कृष्णानगर पुलिस ने मकान और प्लाट दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सोमवार को थाना क्षेत्र से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पति-पत्नी भी शामिल हैं।   कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि सेक्टर-डी निवासी विनय कुमार पांडेय ने वर्ष 2025 में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सेक्टर-जी निवासी अमन शुक्ला पुत्र दिनेश शुक्ला व 13 अन्य ने प्लाट दिलाने के नाम पर उनसे 30 लाख रुपये हड़प लिए।  विवेचना में सामने आया कि अमन शुक्ला ने अपने भाई सुनील शुक्ला, भाभी सुनीता शुक्ला, आशियाना सेक्टर निवासी पंकज अग्रवाल पुत्र स्व. हरिगोपाल अग्रवाल और कैलाशपुरी आलमबाग निवासी दीपक उर्फ दिवाकर राय पुत्र जगदम्बा राय के साथ मिलकर गिरोह बना रखा था। ये लोग सीधे-साधे लोगों को निशाना बनाते थे। प्लाट-मकान खरीदवाने का झांसा देकर लाखों रुपये एडवांस ले लेते थे और फिर अपने मोबाइल नंबर बदल देते थे।  

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में चार टीमें गठित की थीं। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में सुनील शुक्ला, सुनीता शुक्ला, पंकज अग्रवाल और दीपक उर्फ दिवाकर राय शामिल हैं। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में कार्रवाई करते हुए चारों को जेल भेज दिया है।   इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी अमन शुक्ला समेत अन्य 9 आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि प्लाट-मकान खरीदने से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदिग्ध डील में एडवांस देने से बचें।  

रिपोर्टर :  अमित श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.