पुलिस चौकी पॉलिटेक्निक का डीसीपी पूर्वी ने किया लोकार्पण, कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत
लखनऊ : पूर्वी जोन में पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना गाजीपुर क्षेत्र में नवनिर्मित पुलिस चौकी पॉलिटेक्निक का विधिवत लोकार्पण किया गया। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर चौकी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी, सहायक पुलिस आयुक्त गाजीपुर, प्रभारी निरीक्षक गाजीपुर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने कहा कि नवनिर्मित पुलिस चौकी के संचालन से पॉलिटेक्निक चौराहा और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी और आमजन को बेहतर एवं सुगम पुलिस सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि चौकी के खुलने से छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को सुरक्षा का अहसास होगा। रात में गश्त बढ़ेगी और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि पॉलिटेक्निक क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव, छात्रावास और कोचिंग संस्थानों की अधिकता के कारण लंबे समय से पुलिस चौकी की मांग की जा रही थी। नई चौकी में 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी कैमरों से भी क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। शिकायतों का त्वरित निस्तारण और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी खुलने पर खुशी जताई। लोगों का कहना है कि इससे चेन स्नेचिंग, वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम लगेगी और आपात स्थिति में तत्काल मदद मिल सकेगी।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट आमजन तक पुलिस सेवा पहुंचाने और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगातार चौकियों का विस्तार कर रहा है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा
No Previous Comments found.